तिरुवनंतपुरम। भारत टी20 विश्व कप से पहले शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उतरेगा। इस मुकाबले में टीम को उम्मीद है कि संजू सैमसन अपनी घरेलू दर्शकों के सामने फॉर्म में वापसी करेंगे और अक्षर पटेल चोट से उबरकर फिटनेस हासिल करेंगे।
विशाखापत्तनम में चौथे मैच में भारत ने पांच मुख्य गेंदबाजों को खिलाया और हार्दिक पंड्या व शिवम दुबे को आराम दिया। टीम प्रबंधन अंतिम मैच में गेंदबाजी विभाग में फेरबदल कर मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है। बल्लेबाजी में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सैमसन पर नजर रहेगी, जो श्रृंखला में रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं। घरेलू दर्शकों के सामने खेलते हुए वह अपनी खोई लय वापस पाने की कोशिश करेंगे।
टीम में ईशान किशन सैमसन का विकल्प हैं। ऑलराउंडर अक्षर पटेल पिछले मैच में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्होंने चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की। भारत का लक्ष्य इस मैच में जीत दर्ज कर विश्व कप से पहले आत्मविश्वास बढ़ाना है।
न्यूजीलैंड टीम पहले तीन मैचों में भारत के आक्रामक रवैये के सामने संघर्षरत रही, लेकिन चौथे मैच में उन्होंने प्रमुख बल्लेबाजों को रोकने में सफलता पाई। टिम सीफर्ट की वापसी से न्यूजीलैंड का शीर्ष क्रम मजबूत हुआ है, जबकि तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन की फिटनेस अंतिम एकादश में उनकी जगह तय करेगी।
टीमें:
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप-कप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), जैकब डफी, जैक फाक्स, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन।
मुकाबला ग्रीनफील्ड स्टेडियम में रोमांचक होने की उम्मीद है, क्योंकि दोनों टीमें जीत के साथ विश्व कप से पहले आत्मविश्वास बढ़ाना चाहेंगी।

