रायपुर । रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई के अंतर्गत स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ आज 1 फरवरी को सुबह 7 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम में किया जाएगा। इस अवसर पर उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत संपादकों और प्रेस क्लब के पूर्व पदाधिकारियों के बीच खेले जाने वाले एक प्रदर्शन मैच से होगी।
यह टूर्नामेंट पत्रकारों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। स्व. कुलदीप निगम की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता हर वर्ष प्रेस क्लब की प्रमुख खेल गतिविधियों में शामिल रही है।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि इस टूर्नामेंट में प्रेस क्लब के सदस्य उत्साहपूर्वक भाग लेंगे और खेल के माध्यम से एक सकारात्मक संदेश देंगे। महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप जायसवाल, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु तथा संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े ने सभी सदस्यों से उद्घाटन समारोह में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजकों के अनुसार, टूर्नामेंट के दौरान कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। खेल प्रेमियों और पत्रकार साथियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

