देश में अब सिर्फ 6 जिले नक्सल प्रभावित, बस्तर में अंतिम अभियान की तैयारी

देश में अब सिर्फ 6 जिले नक्सल प्रभावित, बस्तर में अंतिम अभियान की तैयारी

जगदलपुर। नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए देशभर में नक्सल प्रभावित जिलों की नई सूची जारी की है। ताजा सूची के मुताबिक अब केवल 6 जिले ही नक्सल प्रभावित माने गए हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के तीन जिले शामिल हैं। भारत सरकार द्वारा जारी नई सूची के अनुसार देश में अब सिर्फ 6 जिले नक्सल प्रभावित श्रेणी में रखे गए हैं।

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिले इस सूची में शामिल हैं, जबकि अन्य जिलों को नक्सल मुक्त घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ का गरियाबंद जिला भी नक्सल प्रभावित जिलों में शामिल किया गया है। शेष दो जिले अन्य राज्यों से हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार इन चिन्हित जिलों में अब निर्णायक और अंतिम चरण के अभियान की रणनीति पर काम शुरू हो चुका है। सुरक्षा बलों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं और ऑपरेशन को और अधिक तेज करने की तैयारी है।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है और एंटी नक्सल ऑपरेशन में तेजी लाई गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इन जिलों को भी नक्सल मुक्त किया जाएगा। उधर, बस्तर संभाग के अन्य जिलों को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद प्रशासनिक अमले और सुरक्षा एजेंसियों में उत्साह है। जानकारों का मानना है कि यह निर्णय बस्तर क्षेत्र में विकास, निवेश और सामान्य जनजीवन की बहाली के लिए अहम साबित होगा। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति से नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे की उम्मीद अब और मजबूत हो गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *