रायगढ़ घराने के स्तंभ पं. फ़िरतु महाराज की स्मृति में शास्त्रीय नृत्य संगीत समारोह

रायगढ़ घराने के स्तंभ पं. फ़िरतु महाराज की स्मृति में शास्त्रीय नृत्य संगीत समारोह

बिलासपुर। भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को समर्पित दो दिवसीय भव्य शास्त्रीय नृत्य व संगीत समारोह का आयोजन 21 और 22 फरवरी को देवकीनंदन दीक्षित सभागार में किया जाएगा। संस्कृति विभाग के सहयोग से कला विकास केंद्र द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से होगा। यह आयोजन रायगढ़ घराने के स्तंभ एवं प्रख्यात नृत्याचार्य पंडित फ़िरतु महाराज जी की पावन स्मृति में समर्पित है। समारोह का उद्देश्य रायगढ़ घराने की गौरवशाली सांगीतिक एवं नृत्य परंपरा को जन-जन तक पहुँचाना है।

अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्यांगना और कला विकास केंद्र की अध्यक्ष वासंती वैष्णव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय कला से जोड़ना व वरिष्ठ एवं नवोदित कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करना है। दो दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक आयोजन में देश के प्रतिष्ठित शास्त्रीय गायक, वादक और नृत्य कलाकार अपनी उच्चकोटि की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को सुर, ताल, लय और भाव की अद्भुत अनुभूति कराएँगे।

उल्लेखनीय है कि पंडित फ़िरतु महाराज जी ने अपने जीवन को कला-साधना को समर्पित करते हुए रायगढ़ घराने की विशिष्ट शैली को सुदृढ़ एवं समृद्ध बनाया। उनके संरक्षण और मार्गदर्शन में अनेक शिष्यों ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित की। उनका योगदान केवल मंचीय प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत रखते हुए कला के संस्कारों को नई पीढ़ी में स्थापित किया। समारोह के दौरान शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की विविध विधाओं की प्रस्तुतियाँ होंगी, जिनमें पारंपरिक बंदिशें, राग-रागिनियों की सुमधुर प्रस्तुति तथा भावप्रधान नृत्यांजलि विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन स्थल को सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप सजाया जाएगा, जिससे श्रोताओं को एक सजीव और सौंदर्यपूर्ण वातावरण में कला का आनंद मिल सके।आयोजक मंडल द्वारा शहरवासियों, कला-प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस गरिमामय आयोजन को सफल बनाएँ और भारतीय शास्त्रीय कला की इस विरासत को आगे बढ़ाने में सहभागी बनें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *