बैंक ग्राहकों के 55 लाख रुपयों का किया गबन, पुलिस ने 2 कर्मचारियों को किया गिरफ्तार

बैंक ग्राहकों के 55 लाख रुपयों का किया गबन, पुलिस ने 2 कर्मचारियों को किया गिरफ्तार

रायपुर। IDBI बैंक चरौदा शाखा से गबन का एक बड़ा मामला सामने आया है। बैंक कर्मचारी ने दंपत्ति को फिक्स डिपॉजिट का झांसा देकर 40 लाख रुपये हड़प लिए। वहीं एक अन्य मामले में भी खातों से 15 लाख रुपये निकालने का खुलासा हुआ है। इस मामले में धरसींवा थाने की पुलिसने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एफडी कराने नाम पर दिया झांसा
प्रार्थी नरेंद्र वर्मा ने थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उन्होंने अपने और अपनी पत्नी मनीषा वर्मा के नाम से आईडीबीआई बैंक शाखा चरौदा में कुल 40 लाख रुपये जमा किए थे। इस राशि को फिक्स डिपॉजिट कराने के लिए उन्होंने बैंक में कार्यरत कर्मचारी राजा खुंटे से संपर्क किया।
ब्लैंक चेक का किया दुरूपयोग
आरोप है कि राजा खुंटे ने उन्हें विश्वास में लेकर ब्लैंक चेक ले लिया और एफडी कराने की पावती भी दे दी। बाद में उसी ब्लैंक चेक का दुरुपयोग करते हुए विभिन्न तिथियों में पूरे 40 लाख रुपये खाते से निकाल लिए।
जब बैंक स्टेटमेंट और दस्तावेजों की जांच की गई तो रकम निकाले जाने की जानकारी सामने आई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी बैंक कर्मचारी राजा खुंटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में भी 15 लाख की ठगी
इसी मामले की जांच के दौरान एक और ठगी का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार गोवर्धन प्रसाद दीवान और उनकी पत्नी के खाते से 8 लाख 70 हजार रुपये, जबकि स्वाति वर्मा के खाते से 7 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। इस मामले में आरोपी दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी को भी गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी :

  1. राजा खुंटे, पिता भक्तु राम खुंटे, उम्र 35 वर्ष, ग्राम जुनवानी, थाना पलारी, जिला बलौदा बाजार।
  2. दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी, पिता मनहरण प्रसाद शर्मा, उम्र 30 वर्ष, ग्राम टेंगाभाठा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *