प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से समृद्ध हो रहे किसान

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से समृद्ध हो रहे किसान

कोंडागांव । कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का निरीक्षण किया और लाभान्वित किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के तालाबों और हैचरी का अवलोकन कर मछली पालन की गतिविधियों की जानकारी ली। निरीक्षण के समय जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत ग्राम चुरेगांव कैंप की निवासी सरस्वती बाला को नवीन फिन फिश हैचरी की स्थापना के लिए अनुदान प्राप्त हुआ है। ग्राम चुरेगांव कैंप के कृषक मछली बीज उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बीज उत्पादन एवं मछली पालन का कार्य कर रहे हैं। इसी प्रकार ग्राम सातगांव के गंगाधर नेताम को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत पोंड लाइनर तकनीक की स्थापना के लिए कुल 14 लाख रुपये की लागत में 8 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ है। इस तकनीक के माध्यम से वे कम स्थान में मछली उत्पादन कर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं वहीं ग्राम पल्ली के पकलू मरकाम ने अपनी भूमि में तालाब निर्माण कर मत्स्य पालन को आगे बढ़ाया है। वे मछली पालन के साथ-साथ मुर्गी पालन, सूकर पालन तथा कृषि एवं सब्जी-फल की खेती के माध्यम से समन्वित खेती कर रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका सुदृढ़ हुई है। इस तरह मत्स्य पालन विभाग द्वारा राज्य एवं केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को लाभान्वित करते हुए उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। इस अवसर पर सहायक मत्स्य अधिकारी योगेश कुमार देवांगन, सहायक उद्यानिकी विस्तार अधिकारी लोकेश्वर ध्रुव, नवदीप ठाकुर, महेश बघेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *