राजनांदगांव में बीयर के नकली लेबल का खेल उजागर, सेल्समैन ब्लैकलिस्ट

राजनांदगांव में बीयर के नकली लेबल का खेल उजागर, सेल्समैन ब्लैकलिस्ट

रायपुर। राजनांदगांव जिले में बीयर के कैन पर नकली लेबल लगाकर बेचने का मामला सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने शराब दुकान में छापामार जांच की, जिसमें गड़बड़ी पाए जाने पर सेल्समैन को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है और दुकान संचालक फर्म को नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर सुपर स्ट्रांग 7 हिल्स 500 एमएल बीयर के कैन से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में दावा किया गया था कि असली लेबल हटाकर उस पर गोल्डन प्राइड प्रीमियम लेजर बीयर का लेबल चिपकाकर ग्राहकों को बेचा जा रहा है। मामला सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान प्रीमियम विदेशी शराब दुकान में छापेमारी की गई। बीयर के कैन से लेबल हटाने पर उसके नीचे दूसरे ब्रांड का लेबल पाया गया। इस मामले को छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने गंभीरता से लिया। इसके बाद आबकारी आयुक्त ने मेसर्स माइकल ब्रेवरीज प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा। कंपनी का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विदेशी मदिरा नियम 1996 के उल्लंघन में 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही संबंधित ब्रांड की बिक्री पर प्रदेश में प्रतिबंध लगाते हुए बाजार से उसका स्टॉक वापस लेने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आबकारी विभाग द्वारा पहले ही उक्त बीयर की बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद दुकान के मुख्य विक्रयकर्ता कैलाश देवांगन द्वारा इसे बेचा जा रहा था। गंभीर लापरवाही पाए जाने पर कैलाश देवांगन को नौकरी से बर्खास्त कर ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। वहीं दुकान का संचालन करने वाली फर्म राजदीप इंटरप्राइजेज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर फर्म के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *