रायपुर में बड़ा हादसा: सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 3 युवकों की मौत

रायपुर में बड़ा हादसा: सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 3 युवकों की मौत

रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में स्थित रामकृष्ण केयर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में दर्दनाक हादसा सामने आया है। सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन युवकों की दम घुटने से मौत हो गई।

सेप्टिक टैंक में उतरे और नहीं लौटे
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मछकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। तीनों युवक आरडीए कॉलोनी, वॉल फोर्ट सिटी के पीछे के निवासी थे और सेप्टिक टैंक की सफाई का काम कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि लगभग 25 से 30 फीट गहरे टैंक में उतरने के दौरान ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गहराई और जहरीली गैस के कारण शव निकालना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। गैस मास्क और विशेष उपकरणों की मदद से ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पहले भी हो चुके ऐसे हादसे
इससे पहले तेलीबांधा क्षेत्र में भी इसी तरह के हादसे में दो युवकों की जान जा चुकी है, जिससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
विशेषज्ञों का कहना है कि सेप्टिक टैंक जैसे कन्फाइंड स्पेस में काम करते समय सुरक्षा उपकरण, ऑक्सीजन सपोर्ट और गैस जांच अनिवार्य होती है। प्रारंभिक जानकारी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। जिला प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की चेतावनी दे रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *