थार में चिट्टा बेचने निकले तीन आरोपी गिरफ्तार, 11 लाख का सामान जब्त

थार में चिट्टा बेचने निकले तीन आरोपी गिरफ्तार, 11 लाख का सामान जब्त

रायपुर । राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का नशीला पदार्थ, वाहन और मोबाइल जब्त किए गए हैं।
पुलिस को 29 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि अमलीडीह स्थित स्टार वैली स्कूल के पास एक काले रंग की थार वाहन में सवार तीन युवक नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन संदीप पटेल के निर्देशन में टीम गठित कर तत्काल मौके पर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम ने संदिग्ध थार वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 18.38 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। साथ ही वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतीक सिंह (29 वर्ष), खालिद खान (23 वर्ष) और दीपक कोसरिया (23 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन के अनुसार, 23 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 35 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें कुल 58 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *