नारायणपुर। जिले की पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी त्वरित और संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए जहर सेवन करने वाली एक महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक महिला ने जहर सेवन कर लिया है, और उसकी हालत गंभीर है।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम बिना किसी देरी के घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्गम और कच्चे रास्तों के बावजूद पुलिस टीम तेजी से मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित वाहन में बैठाकर तत्काल जिला अस्पताल, नारायणपुर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया, जिससे महिला को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। इस कार्रवाई में आरक्षक ज्ञानदास खांडे, डीएसएफ आरक्षक अर्जुन सलाम तथा चालक नीलेश कश्यप का योगदान रहा। टीम ने त्वरित और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर महिला को समय रहते अस्पताल पहुंचाया। नारायणपुर पुलिस ने कहा है कि वह आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल-112 सेवा का उपयोग कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Posted inChhattisgarh News
