रायपुर से किरंदुल आ रही यात्री बस पलटी, कंडक्टर सहित 5 घायल, ड्राइवर फरार

रायपुर से किरंदुल आ रही यात्री बस पलटी, कंडक्टर सहित 5 घायल, ड्राइवर फरार

दंतेवाड़ा। भांसी थाना क्षेत्र में रायपुर से किरंदुल आ रही एक यात्री बस मंगलवार सुबह 4:30 बजे भांसी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई है। हादसे में लगभग 5 यात्री घायल हुए हैं। कुछ यात्रियों का बचेली के अस्पताल में तो कुछ को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है, बस का ड्राइवर मौके से फरार है।
मिली जानकारी के अनुसार महिंद्रा ट्रेवल्स की बस रायपुर से जगदलपुर, दंतेवाड़ा और फिर किरंदुल आ रही थी। दंतेवाड़ा तक बस में लगभग 12 से 15 यात्री ही बचे थी। अंतिम स्टॉपेज किरंदुल था। वहीं बस जब दंतेवाड़ा से किरंदुल के लिए निकली तो भांसी के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार 5 यात्री समेत कंडक्टर घायल हो गए। हादसे की सूचना फौरन भांसी पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी निर्मल वर्मा समेत अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे। जहां घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। घायलों में एक महिला यात्री भी शामिल हैं। इनकी पहचान ललिता साहू, समेत शुभम, बलराम, दीपक, संतोष के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी निर्मल वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी की रफ्तार ज्यादा थी। तेज रफ्तार होने की वजह से हादसा होने की आशंका है, ड्राइवर फरार है, मामले की जांच जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *