भाजपा अध्यक्ष किरणदेव सड़क हादसे में घायल

भाजपा अध्यक्ष किरणदेव सड़क हादसे में घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। यूपी के झांसी से सटे ललितपुर में बुधवार दोपहर एनएच-44 पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। सामने से आ रही एक वाहन को बचाने के चक्कर में उनकी इनोवा ट्रक में जा घुसी। उनके साथ सुरक्षा प्रहरी भी थे वे भी घायल हो गए हैं। चालक गौतम कुमार भी घायल है। परिवार के सदस्य पीछे दूसरी वाहन में थे। बताया जा रहा है कि वे बागेश्वरधाम से वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना पर तत्काल प्रशासन व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गए थे। तत्काल उन्हे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। कमर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट पहुंची है ऐसा बताया जा रहा है। उन्हे हेलीकाप्टर से रायपुर लाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद घायल दोनों लोगों को पहले सीएससी तालबेहट में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इस एक्सीडेंट में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को कमर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। फिलहाल, उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दरअसल गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किरण देव मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम गए थे। वे परिवार के साथ वहां पहुंचे थे और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव जी के सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली। उनका इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। माँ दंतेश्वरी से प्रार्थना है कि किरणजी को शीघ्र ही पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
उधर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा, उत्तर प्रदेश के ललितपुर में हुए सड़क हादसे में भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंहदेव के घायल होने का समाचार अत्यंत दु:खद एवं चिंताजनक है। आपकी मुस्कुराहट ही हम सभी कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत है, भाईसाहब। ईश्वर से आपके शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभकी हार्दिक प्रार्थना करता हूं।
इससे पहले बुधवार सुबह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किरण सिंहदेव ने बागेश्वर धाम पहुंचकर सपरिवार बागेश्वर धाम के दर्शन किए थे। और वहां के कुछ फोटोज भी सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा था, ‘गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर परिवार सहित बागेश्वर धाम में श्री बालाजी हनुमान जी महाराज एवं संन्यासी बाबा के दिव्य दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आगे उन्होंने लिखा था, ‘इस शुभ अवसर पर पूज्य गुरुदेव, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी से आत्मीय भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही गुरु पूर्णिमा महोत्सव में आयोजित पावन पादुका पूजन में सम्मिलित होकर गुरु कृपा के दिव्य अनुभव का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *