सुबह अंडा नहीं मिला तो शिवशंकर चढ़ गया मोबाइल टावर पर

सुबह अंडा नहीं मिला तो शिवशंकर चढ़ गया मोबाइल टावर पर

 अंबिकापुर। कुछ लोग अपनी जिद पूरी करने किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं, चाहे इसमें उनकी जान को खतरा ही क्यों न हो। हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जब युवा कभी मोबाइल टावर, कभी पानी टंकी तो कभी हाईटेंंशन टावर पर चढ़कर अपनी बात मनवाना चाहते हैं। ऐसा ही एक मामला सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमगला से सामने आया है जहां रोजाना की तरह शिवशंकर को सुबह अंडा नहीं मिला तो वह रविवार की सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। यह देख उसके घरवाले और गांव वालों के होश उड़ गए। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची। फिर समझाइश देकर काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा गया। बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक स्थिति थोड़ी ठीक नहीं है।घटना सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमगला की है। बताया जा रहा है कि 20-25 वर्षीय शिवशंकर पिता सुकुल को अंडा खाने की लत थी। वह रोज अंडा खाता था। रविवार की सुबह उसे अंडा नहीं मिला तो वह नाराज हो गया और गांव में ही स्थित करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ता देख घरवालों के अलावा गांव के लोग भी पहुंचे। उससे कहा गया कि वह नीचे उतर आए, लेकिन वह सबसे ऊंचाई पर पहुंच गया। वहां वह खड़ा हो गया, यह देख लोगों की जान हलक में आ गई। वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं था। थोड़ी भी चूक उसकी जान ले सकती थी। फिर इसकी सूचना लखनपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
मोबाइल टावर के पास पहुंची पुलिस ने उससे कहा कि उसे खाने में अंडा दिया जाएगा, वह नीचे उतर आए। इसके अलावा घर व गांव के लोगों ने भी भरोसा दिलाया। फिर काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा गया। इसके बाद घरवालों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान गांव में कौतूहल की स्थिति बनी रही। बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक स्थिति कुछ समय से पूरी तरह ठीक नहीं है।
बता दें कि इस घटना से 2 दिन पूर्व ही सूरजपुर जिले के चांदनी थाना परिसर में एक युवती अपने प्रेमी की खातिर मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। बाद में उसे समझाइश देकर पुलिस ने नीचे उतारा था। ऐसी घटनाएं इन दिनों आए दिन देखने को मिल रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *