राजनांदगांव। केंद्र सरकार द्वारा 23 मार्च 2026 को जारी FSSAI की नई अधिसूचना एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी नवीन प्रावधानों की जानकारी व्यापारियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने जिला खाद्य अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), रायपुर को पत्र सौंपकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि 23 मार्च 2026 की अधिसूचना के माध्यम से FSSAI लाइसेंस एवं पंजीयन प्रणाली में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। विशेष रूप से खाद्य व्यवसाय के संचालन की अवधि तक लाइसेंस की वैधता, पंजीयन एवं लाइसेंस प्रक्रिया को सरल एवं व्यापार-अनुकूल बनाने सहित कई नए प्रावधान लागू किए गए हैं। साथ ही अनुपालन एवं नियामकीय प्रक्रियाओं में भी आवश्यक संशोधन किए गए हैं।
CAIT पदाधिकारियों ने कहा कि इन नवीन प्रावधानों की जानकारी अभी तक अधिकांश व्यापारियों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाई है। इसके कारण अनेक व्यापारियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है तथा नए नियमों के पालन में व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में अनुरोध किया गया है कि CAIT कार्यालय, पंडरी, रायपुर में एवं जिले में FSSAI अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों की उपस्थिति में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाए, जिसमें 23 मार्च 2026 की अधिसूचना के सभी प्रावधानों, लाइसेंस एवं पंजीयन प्रक्रिया में हुए परिवर्तनों, अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं तथा व्यापारियों की शंकाओं का विस्तृत समाधान किया जाए।
CAIT का कहना है कि इस कार्यशाला से व्यापारियों को नवीन नियमों की सही एवं प्रमाणिक जानकारी प्राप्त होगी, खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित होगा तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य को भी मजबूती मिलेगी।
पत्र सौंपने वालों में प्रदेश संरक्षक अनिल बरड़िया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, संजय तेजवानी, राजेश जैन, भावेश अग्रवाल, संजय लड्ढा, सागर चितलंगिया, विकास साहू, अशोक पांडे, सूरज बुद्धदेव, लक्ष्मण लोहिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

Posted inChhattisgarh News
