जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहे थे 3 युवक, तेज बहाव में बही स्कॉर्पियो

जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहे थे 3 युवक, तेज बहाव में बही स्कॉर्पियो

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। तेज बारिश के बाद उफान पर आए दादर नाले को पार करने की कोशिश करना तीन युवकों के लिए भारी पड़ गया। नाले के तेज बहाव के बीच उनकी स्कॉर्पियो पानी में बह गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो तेज बहाव के बीच बहती और तैरती नजर आ रही है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा शहर का दादर नाला इन दिनों तेज बारिश के चलते उफान पर है। नाले में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण यहां से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। इसी दौरान तीन युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर नाला पार करने पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने युवकों को नाला पार करने से रोकने की कोशिश की। लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए उन्हें आगे नहीं जाने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद युवक वाहन लेकर नाला पार करने लगे।
तेज बहाव में खोया स्कॉर्पियो का संतुलन
जैसे ही स्कॉर्पियो नाले के तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, पानी के दबाव के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते स्कॉर्पियो पानी के बहाव के साथ बहने लगी। अचानक वाहन के बहने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्कॉर्पियो के पानी में बहने के दौरान तीनों युवक वाहन के ऊपर ही नजर आए। नाले के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और सभी की नजरें युवकों को सुरक्षित निकालने पर टिकी रहीं।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो करीब आधे घंटे तक पानी के तेज बहाव के बीच बहती और तैरती रही। इस दौरान वाहन सवार तीनों युवक गाड़ी पर ही मौजूद रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को देखते हुए तत्परता दिखाई और तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवकों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे में किसी युवक के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *