स्कूटी से गांजा ले जा रहा नाबालिग पकड़ाया

स्कूटी से गांजा ले जा रहा नाबालिग पकड़ाया


महासमुंद: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को गांजा के साथ पकड़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से 6.40 किलो गांजा, एक स्कूटी और मोबाइल सहित कुल 3 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई ऑपरेशन निश्चय के तहत थाना बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, जिले में गांजा तस्करी, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार वाहन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 29 अगस्त 2026 को पदमपुर रोड स्थित ग्राम पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से एक स्कूटी में गांजा लेकर दो लोग बसना की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही चेक पोस्ट पर पुलिस टीम को अलर्ट किया गया। कुछ देर बाद एक स्कूटी क्रमांक OD 03-AE-8907 पहुंची, जिसे रोककर जांच की गई। वाहन सवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना निवास खेरमंडीगढ़ थाना घंटापड़ा जिला बौद्ध (ओडिशा) बताया।
पुलिस ने स्कूटी की तलाशी ली तो पैरदान के पास रखी प्लास्टिक बोरी में 6.40 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह ओडिशा के बौद्ध क्षेत्र से गांजा खरीदकर बसना में एक व्यक्ति को देने जा रहा था। पुलिस ने मामले में विधि के अनुसार कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *