अंबिकापुर। खोपा धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर स्थित सोनवाही जंगल में रविवार की शाम सडक़ पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में बोलेरो सवार एक व्यक्ति की जहां मौत हो गई, वहीं 5 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो से घायलों को निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना पर मृतक व घायलों के परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। सोमवार को पीएम पश्चात शव परिजन को सौंपा गया।
सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतग्रत ग्राम लिचिरमा से आधा दर्जन महिला-पुरुष रविवार को स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर सूरजपुर जिले के खोपा धाम गए थे। पूजा-पाठ व दर्शन के बाद सभी वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि देर शाम करीब 7 बजे अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर शहर से लगे सोनवाही जंगल के पास मार्ग पर एक ट्रक खड़ा था। ट्रक में कोई संकेतक या इंडिकेटर नहीं लगा था।
वहीं देर शाम को अंधेरा होने के साथ बारिश भी हो रही थी। बारिश और अंधेरे के कारण स्कॉर्पियो चालक सडक़ पर खड़े ट्रक को समय रहते नहीं देख सका और वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में ग्राम रतनपुर सीतापुर निवासी श्याम सुंदर पिता स्वर्गीय रतिराम (56) की मौत हो गई। वह वाहन में ड्राइवर के बगल वाले सीट पर बैठा था। वहीं स्कॉर्पियो में सवार सुभाष, मंजू, राजकुमारी, राजकुमार और सुशीला घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया।

Posted inChhattisgarh News
