लोकभवन में 29 अक्टूबर को 1125 स्काउट्स-गाइड्स को मिलेगा राज्य पुरस्कार

लोकभवन में 29 अक्टूबर को 1125 स्काउट्स-गाइड्स को मिलेगा राज्य पुरस्कार

रायपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को लोकभवन, रायपुर में राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में प्रदेशभर से चयनित 1125 स्काउट्स एवं गाइड्स को राज्यपाल श्री रमेन डेका के करकमलों से राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समारोह में राज्य पुरस्कार प्राप्त करने वाले स्काउट्स एवं गाइड्स के साथ स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सर्वश्रेष्ठ स्काउटर, गाइडर तथा दीर्घकालीन सेवाएं प्रदान करने वाले स्काउटर-गाइडर को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर उनके योगदान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना है। स्काउटिंग एवं गाइडिंग के माध्यम से युवा पीढ़ी को समाजसेवा, सहयोग, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
राज्यपाल के हाथों राज्य पुरस्कार प्राप्त करना प्रतिभागियों के लिए गौरव का अवसर होगा। वहीं, स्काउटिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं दीर्घकालीन सेवाएं देने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान संगठन के अन्य सदस्यों को भी समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
समारोह में राज्यपाल श्री रमेन डेका के साथ छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री गजेंद्र यादव, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंह खालसा, शिक्षा सचिव श्री कमलप्रीत सिंह, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्न तथा राज्य सचिव श्री अमित कुमार क्षत्रिय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम प्रभारी श्री अशोक देशमुख एवं श्री शैलेन्द्र मिश्रा, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. पूनम सिंह साहू, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) श्रीमती जलवती साहू तथा राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) श्रीमती सरिता पांडे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी भी समारोह में शामिल होंगे।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंह खालसा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित यह समारोह प्रदेश में स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

विज्ञापन | Advertisement
Kalda Plastic Cosmetic and Multispeciality Hospital, Raipur — Cancer Screening, Chemotherapy, Immunotherapy, Targeted Therapy, Hormone Therapy, Radiation Therapy and Cancer Surgery. Contact: 9872143060, 8871003060.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *