चिरायु शिविर में 60 बच्चों की हुई ईको जांच, 23 बच्चों को रायपुर में मिलेगा निःशुल्क उपचार

चिरायु शिविर में 60 बच्चों की हुई ईको जांच, 23 बच्चों को रायपुर में मिलेगा निःशुल्क उपचार

अम्बिकापुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत जन्मजात हृदय रोग एवं अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों की पहचान और समुचित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु अस्पताल, जिला चिकित्सालय अंबिकापुर में जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 60 बच्चों की ईको (ECHO) जांच की गई, जिनमें से 23 गंभीर रूप से पीड़ित बच्चों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए चिन्हांकित किया गया है। इन बच्चों का रायपुर स्थित वेंकटेश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार निःशुल्क उपचार कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में वेंकटेश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा दल ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार संबंधी परामर्श दिया। शिविर के पूर्व जिले के सभी विकासखंडों में संचालित चिरायु दलों द्वारा जन्मजात हृदय रोग एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों का चिन्हांकन किया गया था। बच्चों एवं उनके अभिभावकों की काउंसलिंग कर उन्हें शिविर में जांच के लिए बुलाया गया।
शिविर में बच्चों की ईको जांच के साथ चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार सोनोग्राफी, ईसीजी एवं एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक जांच भी कराई गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण कर आगे के उपचार के संबंध में परामर्श दिया। साथ ही बच्चों को आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
बच्चों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विकासखंडों से जिला मुख्यालय तक आने-जाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की गई थी। शिविर के दौरान उनके लिए भोजन, नाश्ता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) का उद्देश्य जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकृतियों, बीमारियों, पोषण संबंधी कमियों एवं विकासात्मक विलंब की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले में चिरायु दलों द्वारा नियमित रूप से बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उन्हें बेहतर एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. सरूता, एम.एस. मेडिकल कॉलेज के डॉ. आर.सी. आर्या, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जे.के. रेलवानी, वेंकटेश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल रायपुर के हार्ट एवं वेस्कुलर सर्जन डॉ. निशांत सिंह चंदेल, आरबीएसके के नोडल अधिकारी डॉ. के.पी. विश्वकर्मा, विवेक चंद्राकर, राकेश प्रजापति, प्रवेल सिंह सहित जिले के सभी विकासखंडों के चिरायु दल के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन | Advertisement
Kalda Plastic Cosmetic and Multispeciality Hospital, Raipur — Cancer Screening, Chemotherapy, Immunotherapy, Targeted Therapy, Hormone Therapy, Radiation Therapy and Cancer Surgery. Contact: 9872143060, 8871003060.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *