रायगढ़। ऑपरेशन अंकुश के तहत चक्रधरनगर और छाल थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 48,800 नकद, ताश की गड्डियां और 8 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्रियों को जप्त किया। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। हालांकि, मौके से प्रवीण कुमार निषाद (37), निवासी चिरजीवीदास नगर और अजय कुमार कुसराम (43), निवासी पंडरीपानी पूर्व को पकड़ लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 24,800 नकद, 52 पत्ती ताश और एक पुरानी प्लास्टिक चटाई जब्त किया।
इधर छाल थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर बिजली की रोशनी में जुआ खेले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक शिव खरे और प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो अलग-अलग जगहों पर दबिश दिया। पहले जुआ फड़ से 5 आरोपी पकड़ाए जिनमें मुकेश कुमार साहू (38), दुरबिन लाल यादव (42), सुरेन्द्र कुमार नायक (52), विरेन्द्र उर्फ दामोदर (44) और बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकूर (36) शामिल है। इनके कब्जे से 12,450 नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी और 4 मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त मोबाइल में वीवो वी56, वीवो वी9, वनप्लस नॉर्ड सीई और ओप्पो ए17के शामिल हैं।
दूसरे जुआ फड़ से 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए जिनमें पंचम सिंह गोंड (39), राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर (35), दीपक पटेल (22) और ललेश चन्द्रा (33) शामिल है। इनके कब्जे से 11,550 नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी और 4 मोबाइल फोन जब्त किए। इनमें वीवो वी वाई9 5जी, रियलमी यूआई, वीवो वी29 और लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल शामिल है।

Posted inChhattisgarh News
