फरवरी 2026 में सामान्य से कम वर्षा और अधिक तापमान का अनुमान: आईएमडी

फरवरी 2026 में सामान्य से कम वर्षा और अधिक तापमान का अनुमान: आईएमडी

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को जानकारी दी कि फरवरी 2026 के दौरान देश में सामान्य से कम वर्षा होने की प्रबल संभावना है, जबकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक रह सकता है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय मोहपात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उत्तर-पश्चिम और उससे सटे मध्य भारत के कई क्षेत्रों में इस महीने शीत लहर की गतिविधियां भी सामान्य से कम रहने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों—पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख—में फरवरी के दौरान मासिक वर्षा सामान्य से कम रहने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार फरवरी 2026 में देशभर में कुल वर्षा दीर्घकालिक औसत (एलपीए) के 81 प्रतिशत से भी कम रह सकती है।

तापमान को लेकर आईएमडी ने कहा कि फरवरी में देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, हालांकि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य रह सकता है। इसी तरह अधिकतम तापमान भी अधिकतर क्षेत्रों में सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है।

आईएमडी के अनुसार फरवरी का मौसम जनवरी के रुझानों के अनुरूप रह सकता है, जब देश में सामान्य से 31.5 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी और औसत तापमान सामान्य से 0.28 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *