अंबिकापुर । सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर 13 अपचारी बालक फरार हो गए हैं। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार बालकों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपचारी बालकों ने संप्रेक्षण गृह के पुराने दरवाजे को तोड़कर भागने की योजना बनाई। देर रात सभी 13 बालक सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए परिसर से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फरार अपचारी बालकों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब अंबिकापुर के इसी बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक फरार हुए हैं। इससे पहले 23 जून को भी 13 अपचारी बालक यहां से भाग निकले थे। उस मामले में पुलिस ने अधिकांश बालकों को पकड़ लिया था, लेकिन दो अपचारी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुराने दरवाजे को तोड़कर एक साथ 13 अपचारी बालकों का फरार होना सुरक्षा इंतजामों की बड़ी चूक माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस फरार बालकों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Posted inChhattisgarh News