सुकमा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार की रिश्वत लेते BEO रंगे हाथ गिरफ्तार

सुकमा में ACB की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार की रिश्वत लेते BEO रंगे हाथ गिरफ्तार

सुकमा । सुकमा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बीईओ पर एक अधीक्षिका से एरियर्स की राशि का भुगतान कराने के एवज में 80 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
एरियर्स भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, कवासी सुशीला कन्या आश्रम डूब्बाटोटा में अधीक्षिका के पद पर पदस्थ शिकायतकर्ता ने बस्तर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वेतनमान निर्धारण के बाद उन्हें करीब 16 लाख रुपये की एरियर्स राशि का भुगतान होना था।
आरोप है कि इस राशि का भुगतान करवाने के एवज में कोंटा के खंड शिक्षा अधिकारी चन्द्र कुमार यारदा ने कुल एरियर्स राशि का 5 प्रतिशत यानी 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। दोनों के बीच रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये देने पर सहमति बनी थी।
ACB ने बिछाया जाल
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहती थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के मुताबिक, बीईओ ने 2 सितंबर को शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अपने कार्यालय बुलाया था।
10 हजार रुपये लेते ही दबोचा
शिकायतकर्ता जैसे ही 10 हजार रुपये लेकर बीईओ कार्यालय पहुंची और आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, उसी समय पहले से तैनात ACB की टीम ने चन्द्र कुमार यारदा को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई की खबर मिलते ही बीईओ कार्यालय में हड़कंप मच गया। ACB टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) 1988, संशोधित अधिनियम 2018 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *