चार बार विभागीय परीक्षा में फेल, अनुकंपा नियुक्त पटवारी की सेवा समाप्त

चार बार विभागीय परीक्षा में फेल, अनुकंपा नियुक्त पटवारी की सेवा समाप्त

कोरबा । जिले में विभागीय परीक्षा में लगातार चार बार असफल रहने पर अनुकंपा नियुक्ति से पदस्थ पटवारी रविन्द्र कुमार बंजारे की सेवा समाप्त कर दी गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा ने शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत उनकी पटवारी पद पर नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए उन्हें सेवा से पृथक कर दिया है।
2015 में मिली थी अनुकंपा नियुक्ति
कार्यालयीन आदेश के अनुसार रविन्द्र कुमार बंजारे को वर्ष 2015 में पटवारी प्रशिक्षु के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई थी। इसके बाद उन्हें पटवारी प्रशिक्षण के लिए बिलासपुर स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र भेजा गया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद आयोजित विभागीय परीक्षा में उन्हें निर्धारित चार अवसर मिले, लेकिन वे किसी भी अवसर में सफल नहीं हो सके।
पांचवें अवसर का नहीं है प्रावधान
छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने 28 अगस्त 2015 को जारी निर्देशों में स्पष्ट किया था कि विभागीय परीक्षा में चार अवसरों में असफल होने पर नियुक्ति समाप्त की जा सकती है।
वहीं, आयुक्त भू-अभिलेख, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा 13 फरवरी 2026 को जारी पत्र में भी स्पष्ट किया गया कि छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली के तहत विभागीय परीक्षा में असफल प्रशिक्षणार्थी को परीक्षा में शामिल होने के लिए पांचवां अवसर देने का प्रावधान नहीं है।
अंतिम सूचना के बाद भी प्रमाण नहीं दिया
कार्रवाई से पहले कार्यालय ने 13 अगस्त 2026 को बंजारे को अंतिम सूचना पत्र जारी किया था। उन्हें 20 अगस्त तक विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण करने से संबंधित आदेश, राजपत्र, अंकसूची या प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय तक उन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण करने संबंधी कोई दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किया।
इसके बाद शासन के प्रावधानों और निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर कोरबा ने 24 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर उनकी पटवारी पद पर नियुक्ति समाप्त कर दी। बंजारे हल्का नंबर-1, सपलवा, तहसील पाली में पटवारी के पद पर पदस्थ थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *