रायपुर में ई-व्हीकल एजेंसी दिलाने के बहाने 42.50 लाख ठगे

रायपुर में ई-व्हीकल एजेंसी दिलाने के बहाने 42.50 लाख ठगे

रायपुर। रायपुर के बूढ़ापारा इलाके में ई-व्हीकल की एजेंसी दिलाने के नाम पर 42.50 लाख रुपए की ठगी की गई है। कोतवाली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि, बूढ़ापारा निवासी पीड़ित रूपेश कुमार सोनी 2023 में कारोबार करने के लिए ई-व्हीकल एजेंसी तलाश रहा था। उनके पड़ोस में रहने वाले पंकज कुमार जैन (कोचर) ने उन्हें इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन की एजेंसी दिलाने का प्रस्ताव दिया। सहमति बनने पर पंकज जैन ने रूपेश की मुलाकात सागर प्रकाश शिल्के से कराई। सागर ने खुद को इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बताते हुए एजेंसी दिलाने का भरोसा दिलाया।
साल 2023 में दिए पैसे
आरोप है कि, दोनों आरोपियों ने एक राय होकर व्यवसाय शुरू कराने के नाम पर 22 मई 2023 से 12 अक्टूबर 2023 के बीच रूपेश से उसके दो बैंकों के चेकों के जरिए कुल 42 लाख 50 हजार रुपए ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने शो-रूम के लिए जगह तलाशने को कहा। उनके कहने पर रूपेश ने संतोषीनगर, पुराना धमतरी रोड पर 30 हजार रुपए मासिक किराए पर दुकान ली और इलेक्ट्रिक वाहन शो-रूम तैयार कराया, जिस पर अलग से लाखों रुपए खर्च किए गए। लगातार दबाव बनाने पर आरोपियों ने करीब दो साल बाद केवल 14.50 लाख रुपए किश्तों में लौटाए। बाकी पैसे वाहन प्रमोशन में खर्च होने की बात कही। इसके बावजूद एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद न तो एजेंसी दी गई और न ही वाहनों की सप्लाई हुई। शक होने पर रूपेश ने सागर प्रकाश शिल्के के बताए गए पते पर जाकर संपर्क किया, जो फर्जी निकला। इसके बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों का कहना है कि, मामले में जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *