मुंबई। केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने के अगले दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच गिरावट के साथ खुला। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान में रहे, हालांकि कुछ ही देर में बाजार ने संभलते हुए हरे निशान में वापसी कर ली। बीएसई सेंसेक्स 167.26 अंक की गिरावट के साथ 80,555.68 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी50 28.95 अंक फिसलकर 24,796.50 पर आ गया।
खबर लिखे जाने तक सुबह करीब 9.34 बजे सेंसेक्स 331.67 अंक की तेजी के साथ 81,054.61 पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी 72.80 अंक चढ़कर 24,898.25 पर कारोबार करता दिखा। वृहद बाजार में हालांकि दबाव बना रहा। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.30 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.41 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी मेटल और ऑयल एंड गैस को छोड़कर अधिकांश सेक्टर लाल निशान में रहे।
सेंसेक्स पैक में एनटीपीसी, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, टाइटन और ट्रेंट टॉप लूजर्स रहे, जबकि एलएंडटी, बीईएल, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स और इंडिगो टॉप गेनर्स में शामिल रहे। गौरतलब है कि बजट में एफ एंड ओ पर एसटीटी बढ़ाने की घोषणा के बाद बाजार में तेज बिकवाली देखी गई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल बाजार में वोलैटिलिटी बनी रहेगी और निवेशकों को सतर्क रणनीति अपनानी चाहिए।

