रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ रविवार को जिला सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में भीषण आग लग गई। इस आगजनी में कार्यालय के भीतर रखे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर पूरी तरह राख हो गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। रविवार की छुट्टी होने के कारण कार्यालय बंद था, तभी अचानक बिल्डिंग के एक हिस्से से धुआं निकलने लगा। स्थानीय मोहल्लेवासियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान जल चुका था।
शॉर्ट सर्किट हो सकती है वजह
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना प्रभारी और एएसपी अनिल कुमार सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस और विभाग की तकनीकी टीम इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आग कहीं किसी अन्य कारण से तो नहीं लगी।
लाखों के नुकसान का अनुमान
मछली पालन विभाग के अधिकारी वर्तमान में जले हुए दस्तावेजों और उपकरणों की सूची तैयार कर नुकसान का वास्तविक आकलन कर रहे हैं। एएसपी अनिल कुमार सोनी ने पुष्टि की है कि आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर कार्यालय के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है।

Posted inChhattisgarh News