हर घर नल से जल : डोंगरीटोला में बालमुकुंद के जीवन की नई शुरुआत

हर घर नल से जल : डोंगरीटोला में बालमुकुंद के जीवन की नई शुरुआत

एमसीबी। जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के विकासखंड भरतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगरीटोला में आज बदलाव की एक नई कहानी लिखी जा रही है। यह बदलाव केवल पानी का नहीं, बल्कि जीवन की दिशा और दशा बदलने का है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से संचालित जल जीवन मिशन ने यहां के ग्रामीणों के जीवन में वह सुखद परिवर्तन लाया है, जिसकी कभी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। इस परिवर्तन के केंद्र में हैं ग्राम डोंगरी टोला के निवासी बालमुकुंद, जिनका जीवन अब पहले जैसा नहीं रहा। बालमुकुंद बताते हैं कि कुछ समय पहले तक उनके परिवार की दिनचर्या का बड़ा हिस्सा पानी लाने में ही बीत जाता था।

स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के लिए उन्हें रोज़ लंबी दूरी तय कर कुएं और हैंडपंप से पानी लाना पड़ता था। गर्मी के दिनों में स्थिति और भी कठिन हो जाती थी, जब जलस्तर नीचे चला जाता था और पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। इस प्रक्रिया में समय और श्रम दोनों की भारी खपत होती थी, जिससे परिवार के अन्य कार्य प्रभावित होते थे। कई बार दूषित पानी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना भी करना पड़ता था। लेकिन “हर घर नल से जल” के संकल्प के साथ जब जल जीवन मिशन गांव में पहुंचा, तो मानो उम्मीद की नई किरण जाग उठी। पाइपलाइन बिछी, घर-घर नल कनेक्शन दिए गए और अब बालमुकुंद के घर पर ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध है। सुबह उठते ही स्वच्छ पानी नल से प्राप्त होना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

अब- पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता, समय और श्रम की बचत हो रही है, बच्चों की पढ़ाई पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है, जलजनित बीमारियों में उल्लेखनीय कमी आई है। बालमुकुंद गर्व और संतोष के साथ कहते हैं- “यह योजना केवल सुविधा नहीं, बल्कि हमारे गांव के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।” उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह सोच वास्तव में ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। वास्तव में, जल जीवन मिशन ने डोंगरी टोला में केवल पानी नहीं पहुंचाया, बल्कि विश्वास, स्वास्थ्य और विकास की नई धारा प्रवाहित की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *