कवर्धा। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत होने के बाद पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने इसे “अंत्योदय के संकल्प से सिद्धि की यात्रा को गति देने वाला” बजट बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत यह बजट “समृद्ध किसान, सशक्त युवा, सुरक्षित महिला और विकसित छत्तीसगढ़” के लक्ष्य को नई ऊर्जा देगा।
उन्होंने कहा कि 1,72,000 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट का मूल आधार “SANKALP” है—समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, आजीविका और पॉलिसी से परिणाम तक। बजट में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और ग्रामीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।
युवाओं और किसानों पर फोकस
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आर्थिक सहयोग के लिए 33 करोड़ रुपये, स्टार्टअप और कौशल विकास को बढ़ावा, ब्याज मुक्त कृषि ऋण तथा 18 वर्ष पूर्ण करने पर बालिकाओं को डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा को उन्होंने ऐतिहासिक बताया।
महिला सशक्तिकरण के लिए बड़े प्रावधान
महतारी वंदन योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये, सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण योजना के लिए 2,320 करोड़ रुपये तथा 250 महतारी सदन निर्माण के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता
स्कूल शिक्षा विभाग को 22,360 करोड़ रुपये का प्रावधान मिला है। स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना, नए महाविद्यालय भवन, 200 बिस्तर अस्पताल, 25 डायलिसिस केंद्र, 50 जन औषधि केंद्र और रायपुर में पहले होम्योपैथी कॉलेज की स्थापना जैसी घोषणाएं शामिल हैं।
पंडरिया को मिली सौगातें
भावना बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति मिली है। कुण्डा पीएचसी का सीएचसी में उन्नयन, नालंदा लाइब्रेरी परिसर, नए महाविद्यालय भवन, 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण तथा सुतियापाट जलाशय विस्तार योजना के माध्यम से 54 गांवों को पेयजल और सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की 3 करोड़ जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है और सामाजिक न्याय, सुशासन व पारदर्शिता पर आधारित है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा को नई दिशा और गति देने वाला सिद्ध होगा।

Posted inChhattisgarh News
