अफीम की खेती का मामला: नारकोटिक्स ब्यूरो भी जांच में जुटा,भूपेश बघेल भी पहुंचे भाजपा नेता के खेत

अफीम की खेती का मामला: नारकोटिक्स ब्यूरो भी जांच में जुटा,भूपेश बघेल भी पहुंचे भाजपा नेता के खेत

दुर्ग। भाजपा पदाधिकारी के दुर्ग के समोदा गांव स्थित खेत में अफीम की खेती का मामला गरमा गया है। पुलिस ने आरोपी भाजपा पदाधिकारी विनायक ताम्रकार को गिरफ्तार कर लिया है। यही नहीं, नेशनल नारकोटिक्स ब्यूरो (NCB) भी जांच में जुट गई है। एनसीबी की टीम ने आरोपी के खेत जाकर अफीम के पौधों की गिनती की है। पार्टी ने खेत मालिक भाजपा पदाधिकारी विनायक ताम्रकार को निलंबित कर दिया है। दूसरी तरफ, पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे, और भाजपा नेता के खेत भी गए। इस दौरान वहां मजमा लगा रहा।
भूपेश ने सरकार पर साधा निशाना
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा में कहा कि गांव के बच्चों ने अफीम की खेती का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि दस एकड़ में अफीम की खेती हो रही थी। खेत मालिक भाजपा नेता रसूखदार है और उसका विधायक- सांसद सहित बड़े नेताओं के साथ उठना-बैठना है। पूर्व सीएम ने कहा कि गांव-गांव नशे की गिरफ्त में हैं और नशे के कारोबार पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वो इस मामले को विधानसभा में भी उठाएंगे।
इससे परे, पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में नेशनल नारकोटिक्स ब्यूरो (एनसीबी) भी शामिल हो गई है। एनसीबी की टीम शनिवार को समोदा पहुंची, और अफीम के पौधों की गिनती की। सूत्रों के मुताबिक एनसीबी की टीम भी आरोपी भाजपा नेता से पूछताछ करेगी।
बता दें कि पुलिस ने कल ही दुर्ग में शिवनाथ नदी पार समोदा में विधायक की खेत में नौ एकड़ में अफीम की फसल को बरामद किया था। यह अफीम, मक्के की फसल के बीच लगाया था। इस मामले में विनायक का बेटा भी शामिल है। फिलहाल विनायक पुलिस हिरासत में है।
खेती देख अफसर रह गए हैरान
बताया गया है कि जमीन लीज पर लेकर अफीम की खेती करने की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस समोदा पहुंची। वहां अफीम की खेती देख पुलिस भी सकते में आ गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उनके साथ फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की विशेष टीम भी पहुंची थी। कहा जा रहा है कि अफीम के पौधों पर चीरे लगे हुए थे, इससे मादक पदार्थ निकाला जा रहा था। पुलिस के आला अधिकारी इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती देखकर हैरान रह गए।
राजस्व अमले की ली गई मदद
खेत के मालिकाना हक की जांच के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को तुरंत बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक जांच में खुलासा हुआ कि जमीन किसी प्रीति बाला और मधुबाला ताम्रकार के नाम पर दर्ज है। जो कि आरोपी भाजपा नेता की बहन बताई जा रही है। मौके पर मौजूद एफ एस एल टीम ने तत्काल केमिकल टेस्ट किया और पुष्टि की कि इन पौधों में मार्फिन कंपाउंड मौजूद है वही घातक पदार्थ जो हेरोइन जैसे नशीले ड्रग्स का आधार बनता है। बहरहाल इस मामले ने विपक्ष को एक और मुद्दा दे दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *