रायपुर। रसोई गैस के दाम बढ़ाए जाने का विरोध करते हुए जिला कांग्रेस रायपुर के नेतृत्व में घड़ी चौक पर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसी नेताओं ने खाली सिलेंडर उठाकर केंद्र सरकार एवं प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। रसोई गैस के दाम बढ़ाने को आम जनता के साथ अन्याय बताया।
रायपुर के घड़ी चौक पर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान सड़क पर यातायात जाम हो गया। कांग्रेस के इस प्रदर्शन को आम लोगों का भी समर्थन मिला। प्रदर्शन के दौरान सड़क से गुजर रहे लोग कहने लगे कि सरकार ने रसोई गैस के दाम बढ़ाकर मध्यमवर्गीय लोगों को झटका दिया है। पहले ही महंगाई से आम आदमी की कमर टूट चुकी है, अब रसोई गैस के दाम भी ऐसे ही बढ़ते रहे तो मध्यम परिवार का जीना मुश्किल हो जाएगा। लोगों का यह भी कहना था कि रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम आदमी की जेब और छत्तीसगढ़ के मध्यमवर्गीय परिवारों के बजट को प्रभावित करती है। इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने शहरी और ग्रामीण मतदाताओं के बीच महंगाई को एक प्रमुख मुद्दा बनाने की कोशिश की है। राजधानी के व्यस्ततम घड़ी चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल रही है। प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से खाली सिलेंडर को सड़क पर रखकर यह दर्शाया कि अब आम आदमी के लिए गैस भरवाना मुश्किल हो गया है। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने किया। उनके साथ पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने चेताया कि यदि कीमतें जल्द कम नहीं की गईं, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। घड़ी चौक पर किए गए प्रदर्शन से कांग्रेस ने संकेत दिया है कि यदि आने वाले दिनों में रसोई गैस के दाम कम नही होते अथवा फिर से दाम बढ़ाए गए तो कांग्रेस व्यापक स्तर पर प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर जाम से निपटने के लिए पुलिस कर्मी तैनात रहे और व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।

Posted inChhattisgarh News
