नई दिल्ली में गूंजी जिले की उपलब्धियां, डीएमएफ समिट में मिली राष्ट्रीय पहचान

मोहला। राजधानी दिल्ली के स्कोप कन्वेंशन सेंटर में 23 एवं 24 मार्च 2026 को आयोजित दो दिवसीय नेशनल डिस्ट्रिक्ट मिनरल फण्ड समिट 2026 में आकांक्षी जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की उल्लेखनीय उपलब्धियों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई। समिट में जिले द्वारा डीएमएफ फंड के नवाचारी एवं प्रभावी उपयोग को विशेष रूप से सराहा गया।
समिट के प्रथम दिवस पर मुख्य अतिथि केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री  जी. किशन रेड्डी ने जिले द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर एवं डीएमएफ नोडल अधिकारी डॉ. हेमेन्द्र भुआर्य तथा आकांक्षी ब्लॉक फेलो श्रीमती सविता साहू ने मंत्री को जिले में डीएमएफ मद से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
 मंत्री  रेड्डी ने विशेष रूप से इस बात की प्रशंसा की कि जिले में डीएमएफ फंड का उपयोग योजनाबद्ध तरीके से करते हुए स्व-सहायता समूह  की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने जिले में हो रहे इन सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तनों को देश के अन्य जिलों के लिए प्रेरणादायक बताया। समिट के दूसरे दिन जिले की विशिष्ट पहचान और समृद्ध स्थानीय संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए मंत्री जी को जिले में उत्पादित रागी आटा एवं कोदो चावल भेंट किया गया। यह उत्पाद स्थानीय महिला समूहों की मेहनत और ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान के तहत आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों का प्रतीक हैं। इस राष्ट्रीय मंच पर मिली सराहना ने जिले के प्रयासों को नई पहचान देने के साथ ही विकास की दिशा में किए जा रहे नवाचारों को और गति प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *