तांदूला नहर: नहाने गए पिता-पुत्री समेत तीन बहे, 400 मीटर दूर मिला बाप का शव; बेटी है लापता

तांदूला नहर: नहाने गए पिता-पुत्री समेत तीन बहे, 400 मीटर दूर मिला बाप का शव; बेटी है लापता

बालोद । जिले के बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरछेड़ी में एक दुखद घटना हुई है। तांदूला नहर में नहाने गए तीन लोग तेज बहाव में बह गए। इस घटना में पिता यमन गंजीर की मौत हो गई है, जबकि उनकी 12 वर्षीय बेटी पल्लवी गंजीर अभी भी लापता है। स्थानीय लोगों ने एक अन्य रिश्तेदार युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्राम धोबनपूरी निवासी यमन गंजीर (लगभग 35 वर्ष) अपनी बेटी पल्लवी के साथ ससुराल पीपरछेड़ी आए थे। वे एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान वह अपनी बेटी और एक अन्य युवती के साथ नहर में नहाने गए। तांदूला जलाशय से लगभग 8 फीट पानी छोड़ा गया था। इसके कारण नहर में तेज बहाव था। लोग अक्सर यहां नहाने जाते हैं, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आने से संभल नहीं पाते। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तांदूला जलाशय से नहर का पानी बंद कराते हुए रेस्क्यू टीम की मदद से सर्च अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम को घटना स्थल से करीब 400 मीटर दूर नहर में फंसा हुआ यमन गंजीर का शव बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से बेटी पल्लवी गंजीर की तलाश की जा रही है। मौके पर पुलिस और राहत दल लगातार खोजबीन में जुटे हुए हैं। पिता के शव मिलने के बाद गांव में मातम फैल गया है। यह घटना एक शादी समारोह के दौरान हुई, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। परिवार और ग्रामीणों में इस घटना से गहरा शोक है। तांदूला नहर में अक्सर इस तरह की बह जाने वाली घटनाएं सामने आती हैं। प्रशासन को ऐसी जगहों पर सुरक्षा के उचित इंतजाम करने चाहिए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *