कोयला माफिया पर खनिज विभाग का शिकंजा रेत की आड़ में हो रही थी कोयले की तस्करी, संयुक्त कार्रवाई में ट्रैक्टर जब्त

कोयला माफिया पर खनिज विभाग का शिकंजा रेत की आड़ में हो रही थी कोयले की तस्करी, संयुक्त कार्रवाई में ट्रैक्टर जब्त

एमसीबी । मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में अवैध कोयला उत्खनन एवं तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दैनिक भास्कर में 18 अप्रैल 2026 को प्रकाशित खबर में मनेन्द्रगढ़ जिले से रात के अंधेरे में अवैध कोयला उत्खनन कर पड़ोसी राज्य में तस्करी किए जाने की सूचना सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
कलेक्टर के निर्देशन में खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा 22 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 8 बजे चिरमिरी के पोड़ी थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान ट्रॉली में रेत से ढंककर अवैध रूप से कोयले का परिवहन करते एक ट्रैक्टर ( CG 16 CR 0241) को पकड़ा गया। आरोपियों द्वारा कोयले को रेत की परत से छिपाकर परिवहन किया जा रहा था ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके, लेकिन संयुक्त टीम की सतर्कता से यह प्रयास विफल हो गया। जप्त किए गए ट्रैक्टर को सुरक्षा की दृष्टि से पोड़ी थाना परिसर में रखा गया है तथा प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में रात्रिकालीन निगरानी और छापामार कार्रवाई और तेज की जाएगी, ताकि जिले की खनिज संपदा की लूट पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *