रायपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: नाइजीरिया से आ रहा था ड्रग्स, दिल्ली से 2 तस्कर पकड़े

रायपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: नाइजीरिया से आ रहा था ड्रग्स, दिल्ली से 2 तस्कर पकड़े

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नाइजीरिया से ड्रग्स की सप्लाई हो रही थी। आरोपी बीपी (ब्लडप्रेशर) मशीन के बॉक्स में छिपाकर रायपुर में कोकीन की डिलीवरी करते थे। 2 मई को रायपुर पुलिस ने दिल्ली से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है।
आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख कैश, 5 आईफोन, 3 चेकबुक समेत करीब 11 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। यह नेटवर्क नाइजीरिया से संचालित होकर देश के अलग-अलग राज्यों में कोकीन की सप्लाई कर रहा था।
मामले का खुलासा 19 मार्च 2026 को हुआ, जब देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नारायणा हॉस्पिटल के पास कृष्ण गोपाल अग्रवाल को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के पास से 2.27 लाख रुपए की कोकीन, एक चारपहिया वाहन और आईफोन जब्त किया गया था। कुल जब्ती की कीमत 20 लाख रुपए से अधिक आंकी गई थी।
पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी को ड्रग्स की सप्लाई एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के जरिए हो रही थी। यह गिरोह दिल्ली से संचालित हो रहा था और कोकीन को बीपी मशीन के डिब्बों में छिपाकर कोरियर के माध्यम से रायपुर सहित अन्य शहरों में भेजता था, ताकि किसी को शक न हो।
इनपुट मिलने के बाद रायपुर पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हुई। वहां तिलक नगर क्षेत्र में दबिश देकर भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने की बात स्वीकार की।
जांच में यह भी सामने आया कि नाइजीरिया में बैठा ‘चिची’ नामक व्यक्ति इस पूरे सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। वहीं, सन्नी शर्मा अपने बैंक खातों का इस्तेमाल कमीशन के बदले ड्रग्स की रकम के लेन-देन के लिए करता था।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *