ट्रैक्टर बना काल: नाबालिग की मौत, सबूत मिटाने 3 किमी दूर फेंका शव

ट्रैक्टर बना काल: नाबालिग की मौत, सबूत मिटाने 3 किमी दूर फेंका शव

राजनांदगांव । राजनांदगांव जिले के गैंदाटोला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मातेखेड़ा में एक 13 वर्षीय नाबालिग की ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर ड्राइवर और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर गैर-इरादतन हत्या और सबूत छुपाने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रघुवीर सिंह मंडावी ने 30 अप्रैल को अपने बेटे भावेश मंडावी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पता चला कि गांव का ही जशवंत नेताम उसे बिना बताए ट्रैक्टर में बैठाकर ले गया था। सुबह तक बालक के घर न लौटने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही जशवंत नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जशवंत ने बताया कि वह ट्रैक्टर मालिक ओमप्रकाश साहू के खेत समतलीकरण के लिए मिट्टी लोडिंग-अनलोडिंग का काम कर रहा था।
 आरोपियों ने जोखिम भरा काम जानते हुए भी नाबालिग भावेश से ट्रॉली का हुक खुलवाया। इसी दौरान ट्रैक्टर को आगे-पीछे करते समय ट्रॉली पलट गई और बालक उसके नीचे दब गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर जशवंत और मालिक ओमप्रकाश साहू ने पकड़े जाने के डर से शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। दोनों ने बालक के शव को ट्रैक्टर ट्रॉली में लादा और घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर ग्राम केशोटोला के एक खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर क्षत-विक्षत शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में जशवंत नेताम (25 वर्ष) ट्रैक्टर ड्राइवर और ओमप्रकाश साहू (35 वर्ष) ट्रैक्टर मालिक शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों ट्रैक्टर भी जब्त कर लिए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *