1 करोड़ की लूट: सराफा मैनेजर पर तलवार से हमला, सोना-चांदी भरा बैग लेकर भागे बदमाश

1 करोड़ की लूट: सराफा मैनेजर पर तलवार से हमला, सोना-चांदी भरा बैग लेकर भागे बदमाश

रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार रात सराफा कारोबारी के कर्मचारी से करीब 1 करोड़ की लूट की गई है। बाइक सवार लूटेरों ने तलवार से हमलाकर सोने-चांदी से भरा बैग छीनकर भाग निकले। पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं पुलिस केस दर्ज कर आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है।

मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित का नाम टीकाराम शर्मा है, जो ज्वेलरी शॉप में मैनेजर का काम करता है। वह एक ब्रांच से जेवरात लेकर दूसरे ब्रांच जा रहा था। आंधी-तूफान की वजह से वह रुका हुआ था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

दरअसल, खरोरा इलाके में ‘महावीर ज्वैलर्स’ के नाम से सराफा दुकान संचालित है, जिसका संचालन जैन परिवार करता है। इस क्षेत्र में महावीर ज्वैलर्स की दो दुकानें हैं। यहां मैनेजर के रूप में टीकाराम शर्मा काम करता है। मंगलवार शाम टीकाराम शर्मा ब्रांच से जेवरात लेकर लौट रहा था।

इसी दौरान शाम करीब 7 बजे आंधी-बारिश के कारण वो तिल्दाडीह मोड़ के पास रुक गया। पानी रुकने पर जैसे ही वे आगे बढ़े, तभी बाइक सवार आरोपियों ने उनके सिर पर तलवार से वार कर दिया। मैनेजर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपी बैग लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित ने घटना की जानकारी महावीर ज्वैलर्स के प्रबंधन को दी। पीड़ित के अनुसार बाइक सवार युवकों ने उस पर तलवार से हमला किया। हमले के बाद आरोपी बैग छीनकर फरार हो गए। आरोपियों की संख्या दो से तीन के बीच बताई जा रही है।

वहीं हमले में घायल मैनेजर को इलाज के लिए पास अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

मामले में खरोरा थाना पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में लूट की यह वारदात प्लानिंग के तहत लग रही है, क्योंकि बदमाशों को पीड़ित के रूट और समय की पहले से जानकारी थी।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *