रायपुर । नवा रायपुर के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एक बार फिर आईपीएल का रोमांच दिखेगा। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियन्स के बीच मुकाबला होगा, जबकि 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे।
मैच को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रूट मैप तैयार किया है। जिन दर्शकों के पास कार पास होगा, वे तेलीबांधा और जीई रोड से सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए नवा रायपुर पहुंचेंगे। वहां से स्टेडियम टर्निंग, डॉ. चंदूलाल चंद्राकर चौक, कयाबांधा चौक, कोटराभाटा चौक, पलौद चौक और सेंध गांव मार्ग से स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे।
ऐसे दर्शकों के लिए स्टेडियम परिसर में ए, बी, सी, डी और ई पार्किंग निर्धारित की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर शराबियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। हर एंट्री गेट पर जांच मशीनें लगेंगी।
आरसीबी-मुंबई इंडियन्स के बीच 10 को मैच… इन आसान रास्तों से पहुंच सकेंगे स्टेडियम
रायपुर से आने वाले तेलीबांधा, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होकर स्टेडियम पहुंचेंगे, पार्किंग सत्यसाईं अस्पताल व सेंध तालाब।
महासमुंद, सरायपाली, रायगढ़ से आने वाले आरंग-नवागांव मार्ग से स्टेडियम पहुंचेंगे, पार्किंग परसदा और कोसा।
राजनांदगांव, दुर्ग से आने वाले टाटीबंध, पचपेड़ी नाका, सेरीखेड़ी होकर स्टेडियम पहुंचेंगे, पार्किंग सेंध तालाब।
बस्तर, कांकेर, बालोद, धमतरी से आने वाले मंत्रालय चौक, सेंध तालाब होकर स्टेडियम पहुंचेंगे।
बलौदाबाजार, खरोरा से आने वाले विधानसभा ओवरब्रिज, मंदिर हसौद, नवागांव होकर स्टेडियम पहुंचेंगे।
बिलासपुर और कवर्धा से आने वाले धनेली नाला, रिंग रोड-3, नवागांव होकर स्टेडियम पहुंच सकते हैं।
ये सब बैन रहेगा : स्टेडियम के भीतर शराब, सिगरेट, गुटखा, लाइटर, बोतल, पटाखे, हथियार, लेजर लाइट, कैमरा, सेल्फी स्टिक, लैपटॉप, बैग और ज्वलनशील पदार्थ अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
वैध पास पर ही प्रवेश: दर्शकों से कहा गया है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचे, टिकट पर अंकित गेट का पालन करें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें। वैध टिकट या पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

Posted inChhattisgarh News
