नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा टला: चलती मेटाडोर में लगी भीषण आग, ड्राइवर-हेल्पर ने कूदकर बचाई जान

नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा टला: चलती मेटाडोर में लगी भीषण आग, ड्राइवर-हेल्पर ने कूदकर बचाई जान

धमतरी । छत्तीसगढ़ के धमतरी में नेशनल हाईवे पर कुरूद राखी मोड़ के पास एक चलती मेटाडोर में अचानक आग लग गई। यह घटना शनिवार रात करीब ढाई बजे हुई। मेटाडोर में सोलर पैनल की 111 प्लेटें लोड थी, जो आग की चपेट में आने से पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना में 55 लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
आग लगते ही मेटाडोर के ड्राइवर जनक सिंह (निवासी भिंड) और उनके हेल्पर बेटे ने कूदकर अपनी जान बचाई। उन्होंने शुरुआत में अपने पास रखे अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि वे उस पर काबू नहीं पा सके।
यह मेटाडोर (क्रमांक एमपी 07 GA 9795) गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से सोलर पैनल की 111 प्लेटें लेकर मलकानगिरी, ओडिशा के लिए रवाना हुई थी। यह वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग 30 रायपुर-धमतरी मार्ग से गुजर रहा था, तभी कुरूद से पहले राखी मोड़ के पास यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। हालांकि, जब तक दमकलकर्मी मौके पर पहुंचते और आग पर काबू पाते, तब तक मेटाडोर और उसमें लदे सोलर पैनल पूरी तरह जल चुके थे। आग लगने के कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। इस संबंध में कुरूद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *