बीएसपी के एन्फोर्समेंट विभाग द्वारा अवैध कब्जेधारियों के विरुद्ध कार्रवाई

बीएसपी के एन्फोर्समेंट विभाग द्वारा अवैध कब्जेधारियों के विरुद्ध कार्रवाई

भिलाई। सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के एन्फोर्समेंट विभाग द्वारा विगत 15 दिनों के दौरान अवैध कब्जेधारियों के विरुद्ध व्यापक एवं सघन कार्रवाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत सेक्टर–6 स्थित 4 अनफिट ब्लॉकों से कुल 37 अवैध कब्जे हटाए गए, जिससे नगर अभियांत्रिकी विभाग को संबंधित ब्लॉकों में नियोजित विघटन कार्य संचालित करने में सुविधा प्राप्त हुई।
इसी क्रम में नगर क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में स्थित 12 आवासों से भी अवैध कब्जेधारियों को हटाने की कार्रवाई की गई। साथ ही, मार्केट क्षेत्रों में अवैध रूप से व्यवसाय संचालित कर रहे कब्जेधारियों के लगभग 5000 वर्गफीट क्षेत्र से अवैध स्ट्रक्चर हटाए गए तथा संबंधित सामग्रियों को प्रवर्तन विभाग की अभिरक्षा में लिया गया। नेवई क्षेत्र में भी विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जों एवं निर्माण गतिविधियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध निर्माण कार्यों को तत्काल रोका गया तथा समझाइश एवं प्रवर्तन कार्रवाई के माध्यम से लगभग 10000 वर्गफीट भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
एन्फोर्समेंट विभाग द्वारा अवैध कब्जेधारियों को पुनः आगाह किया गया है कि वे स्वेच्छा से अपने कब्जे शीघ्र हटाएं, अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि मुख्य चौक एवं प्रमुख मार्गों पर लगाए गए अवैध होर्डिंग्स एवं स्ट्रक्चर भी हटाए जाएंगे। सभी संबंधित पक्षों से अपील की गई है कि संभावित नुकसान से बचने हेतु वे अपने अवैध स्ट्रक्चर स्वयं हटवा लें।
यह कार्रवाई कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार के निर्देशानुसार, महाप्रबंधक प्रभारी (नगर सेवाएं विभाग एवं सीएसआर) श्री ए. बी. श्रीनिवास के मार्गदर्शन एवं सहायक महाप्रबंधक (प्रवर्तन) श्री रेमी थॉमस के नेतृत्व में की गई। अभियान में उप प्रबंधक (प्रवर्तन) श्री मुकुंद दास मानिकपुरी, सहायक प्रबंधक (प्रवर्तन) श्री देवानंद चौहान, संपदा निरीक्षक श्री राममूर्ति, श्री रमाकांत यादव, श्री भगवान, श्री बलराम शुक्ला, श्री ललन सिंह, श्री अजय मिश्रा, श्री कुद्बुद्दीन कुरैशी, श्री ज्ञानचंद जैन, श्री राम सहित सुरक्षा कर्मियों का विशेष योगदान रहा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *