सूरजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: हाइवा की चपेट में आने से महिला की मौत, पति घायल

सूरजपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: हाइवा की चपेट में आने से महिला की मौत, पति घायल

सूरजपुर । सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र अंतर्गत केवरा ग्राम के पास बुधवार को एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला को कोयला परिवहन कर रहे एक हाइवा ने कुचल दिया।
इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। हादसे में महिला का पति घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब एक दंपती टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल से केवरा से भैयाथान की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे कोयला परिवहन कर रहे एक हाइवा ने सड़क पर गिरी महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति को मामूली चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। उन्होंने भारी वाहनों की तेज रफ्तार और क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि केवरा-भैयाथान मार्ग पर कोयला परिवहन करने वाले हाइवा अनियंत्रित गति से चलते हैं।
उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलने पर झिलमिली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को शासन की योजनाओं के तहत सहायता प्रदान की जाएगी। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *