दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र स्थित रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड, रसमढ़ा में सिलिको मैंगनीज चोरी का मामला सामने आया है। कंपनी परिसर से 50 किलोग्राम सिलिको मैंगनीज गायब होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कंपनी के ही एक गाड़ी के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है।
कंपनी के जनरल मैनेजर राधेश्याम पांडे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 12 मई की सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच कंपनी परिसर से एक बोरी सिलिको मैंगनीज चोरी हो गया था।
जांच के दौरान पता चला कि चोरी की वारदात कंपनी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत खिलेन्द्र कुमार साहू ने अंजाम दी थी। आरोपी चोरी किए गए सिलिको मैंगनीज को वाहन में रखकर कंपनी परिसर से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही खिलेन्द्र कुमार साहू को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 किलो सिलिको मैंगनीज बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल वाहन क्रमांक CG 07 B 5782 भी जब्त कर लिया है। वाहन की कीमत लगभग 4 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

