खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई, पिकअप वाहन सहित 70 बोरी यूरिया पकड़ा गया

खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई, पिकअप वाहन सहित 70 बोरी यूरिया पकड़ा गया

सीतापुर। सरगुजा जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अवैध परिवहन के खिलाफ कृषि विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपसंचालक कृषि पीताम्बर सिंह दीवान के मार्गदर्शन में सीतापुर और मैनपाट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 70 बोरी नीम कोटेड यूरिया से लदी एक पिकअप को जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर सीतापुर मार्ग पर घेराबंदी कर पिकअप वाहन सीजी 14 एमके 6568 को रोका गया। वाहन में लदी खाद के संबंध में चालक न तो पीओएस रसीद दिखा सका और न ही ई-वे बिल या अन्य कोई वैध दस्तावेज। इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण आदेश का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए विभाग ने वाहन और यूरिया की खेप को जब्त कर सीतापुर थाने के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में पता चला है कि यह उर्वरक पत्थलगांव के अन्नपूर्णा खाद भंडार का है, जिसे कमलेश्वरपुर के अजीत गुप्ता द्वारा मंगवाया गया था। हालांकि, जब्ती के बाद अब तक कोई भी इसकी जिम्मेदारी लेने सामने नहीं आया है। कृषि विभाग ने खाद के नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि खाद नकली या अमानक तो नहीं है। अधिकारियों ने मामले का प्रकरण तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय को भेज दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *