पेट्रोल पंप ऑफिस में घुसकर हमला:बाइक धीरे चलाने को लेकर विवाद, 2 की हालत गंभीर

पेट्रोल पंप ऑफिस में घुसकर हमला:बाइक धीरे चलाने को लेकर विवाद, 2 की हालत गंभीर

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक युवक ने पहले बाइक से टक्कर मार दी। जब उसे धीरे बाइक चलाने की समझाइश दी गई, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दो युवक घायल हो गए।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लाठी-डंडों से लैस हमलावर पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर युवकों की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। घायल युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली अनुसार ग्राम पचपेड़ी निवासी प्रभाकर मार्शल चौकसे कॉलेज में बी-फार्मेसी का छात्र है। वह रविवार को अपने रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गांव गया था।
दोपहर करीब 12:30 बजे प्रभाकर अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ बाइक पर सवार होकर हाथ में लाउड स्पीकर लेकर समाज की महिलाओं को नहाने के कार्यक्रम की सूचना देने निकला था।
इस दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार बाइक सवार बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। गिरने के बाद युवकों ने बादल जांगड़े से बाइक धीरे चलाने की बात कही।
इस बात से नाराज होकर बादल गाली-गलौज करने लगा और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद विक्की जांगड़े और विकास मार्शल भी मौके पर पहुंच गए। तीनों आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों और लोहे के हथियार से हमला कर दिया।
इसके बाद सरोज जांगड़े समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर युवकों को घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए एक युवक भागते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस में पहुंच गया, लेकिन हमलावर वहां भी पीछे-पीछे घुस गए और जमकर मारपीट की।
इसके बाद सभी मौके से भाग निकले। वहीं हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवकों की गुंडागर्दी और मारपीट का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लाठी-डंडों से लैस हमलावर युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में एक युवक जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर दरवाजा बंद करता दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद हमलावर ऑफिस के अंदर घुस गए और डंडों से हमला कर मारपीट करने लगे।
इस पूरे मामले में पचपेड़ी थाना पुलिस ने कहा कि बाइक धीरे चलाने की बाद पर विवाद हुआ था, जिससे नाराज एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *