बस्तर में रेत का अवैध परिवहन करते 4 वाहन जब्त

रायपुर।बस्तर जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार और खनि अधिकारी श्री शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में जिला खनिज जांच दल ने बेलगांव रेत घाट एवं बजावण्ड क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दल द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान गौण खनिज रेत का अवैध परिवहन कर रहे 4 वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जिन्हें तत्काल पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया। जब्त किए गए वाहनों में दो ट्रैक्टर और दो हाईवा शामिल हैं, जो बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन कर रहे थे। इन सभी वाहनों को खनिज सहित जप्त कर वाहन मालिकों के विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कड़ी दण्डात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जावेगी।  
इस सफल औचक कार्रवाई में जिला खनिज जांच दल के प्रभारी व खनिज निरीक्षक श्री अंकित पुरी, खनिज सिपाही श्री डिकेश्वर खरे सहित नगर सैनिक श्री देवीराम बघेल और सहदेव बघेल मुख्य रूप से मौजूद थे। खनिज विभाग ने इस कार्रवाई के माध्यम से जिले के सभी खनिज ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को एक बार फिर सख्त चेतावनी दी है कि बिना अभिवहन पास के खनिजों का परिवहन करना एक गंभीर और दण्डनीय अपराध है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध परिवहनकर्ताओं एवं उत्खननकर्ताओं के विरुद्ध दोबारा ऐसा कृत्य करने पर और भी कठोर दण्डात्मक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही कलेक्टर श्री छिकारा के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर पूरी तरह प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए खनिज अमले द्वारा आगे भी ऐसा विशेष अभियान चलाकर निरंतर जांच की जाती रहेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *