निरंजन धर्मशाला की अवैध जमीन पर प्रशासन का एक्शन, बुलडोजर से हटाया कब्जा

निरंजन धर्मशाला की अवैध जमीन पर प्रशासन का एक्शन, बुलडोजर से हटाया कब्जा

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने वीआईपी रोड स्थित निरंजन धर्मशाला द्वारा नाले की सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। नगर निगम जोन-9 की टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक लालबहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक-51 में स्थित निरंजन धर्मशाला ने करीब 0.1100 हेक्टेयर शासकीय नाले की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन-9 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में नगर निवेश विभाग ने यह अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैय्यद जोहेब समेत निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
निगम प्रशासन का कहना है कि नालों और सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इससे पहले सड्डू इलाके में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की थी। नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने चंदन डेयरी फैक्ट्री द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे को हटाने के लिए अभियान चलाया था।
जोन-9 के वार्ड क्रमांक-8 में फैक्ट्री पर करीब 1.45 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप है। प्रशासन ने जेसीबी और श्रमिकों की मदद से अवैध निर्माण तोड़ना शुरू किया था।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल और शेड हटाए गए। वहीं सिक्योरिटी गार्ड के लिए बनाए गए अवैध ढांचे को भी तोड़ा गया।
यह कार्रवाई रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई थी। मौके पर तहसीलदार राममूर्ति दीवान की मौजूदगी में पुलिस बल भी तैनात रहा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *