रेलिंग से टकराकर ओवरब्रिज पर पलटी स्कॉर्पियो, दो छात्रों की हालत गंभीर

रेलिंग से टकराकर ओवरब्रिज पर पलटी स्कॉर्पियो, दो छात्रों की हालत गंभीर

जांजगीर-चांपा । जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार दोपहर खोखसा ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बिलासपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर निवासी सृजन स्वरूप और अंबेश यश साहू लोटस पब्लिक स्कूल से परीक्षा देकर अपने घर लौट रहे थे। स्कॉर्पियो अंबेश चला रहा था। खोखसा ओवरब्रिज पर पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
इसके बाद स्कॉर्पियो ओवरब्रिज की सुरक्षा रेलिंग से टकराई और करीब 5 से 6 बार पलटी खाते हुए सड़क पर जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों छात्रों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के कारण ओवरब्रिज पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ। बाद में लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनास्थल से घायल छात्र सृजन का घर, कुलीपोटा एजेंसी के पास, महज 100 मीटर दूर था। घर पहुंचने से ठीक पहले ही दोनों छात्र इस हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *