धौराभाठा । तमनार के ग्राम पंचायत जांजगीर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गिट्टी से लोड एक हाईवा वाहन अचानक आग की लपटों में घिर गया।
देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही देर में पूरी तरह खाक हो गया। घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। हाइवा जिंदल स्टील एंड पावर के कोल ब्लॉक सेक्टर 4/1 क्षेत्र में प्रभावित और विस्थापित गांवों के लिए बनाए जा रहे मकान व सड़क निर्माण कार्य के लिए गिट्टी लेकर जा रहा था। इसी दौरान जांजगीर गांव में वाहन ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया।
संपर्क होते ही तेज चिंगारी निकली और हाईवा में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को वाहन छोड़कर कूदना पड़ा। राहत की बात रही कि चालक समय रहते बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के वक्त आसपास ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Posted inChhattisgarh News
