डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर प्रदर्शन, भिलाई में क्रांति सेना पर केस

डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर प्रदर्शन, भिलाई में क्रांति सेना पर केस

दुर्ग-भिलाई । भिलाई में शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारियों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि संगठन के पदाधिकारी चेतन चंदेल और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने स्मृति नगर चौकी परिसर में घुसकर नारेबाजी की।
पुलिसकर्मियों से अभद्रता की और शासकीय कार्य में बाधा डाली। इस मामले में चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जबकि भाजयुमो का प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी हुई थी, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पूरा मामला शंकराचार्य अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर क्रांति सेना के कार्यकर्ता गुरुवार शाम स्मृति नगर चौकी पहुंचे थे।
पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को आवेदन देने और कुछ समय तक इंतजार करने के लिए कहा, लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे और पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सत्यप्रकाश तिवारी और क्रांति सेना के पदाधिकारियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि पहले स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद सुपेला थाना प्रभारी ने भी समझाइश दी, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने।
इसी दौरान सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी थाना परिसर में एक अन्य मामले में दो पक्षों के बीच चर्चा करवा रहे थे। शोर-शराबा सुनकर वे बाहर आए और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की।
हालांकि, प्रदर्शनकारी उनसे भी बहस करने लगे और डॉक्टर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करने लगे। विवाद बढ़ने पर सीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर खदेड़ दिया।
इसके बाद स्मृति नगर चौकी की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया।
इधर, आवेदक भूपेंद्र साहू (33) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुराग चंद्राकर अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और कार में स्क्रैच लगाने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
भूपेंद्र साहू ने बताया कि डॉक्टर और उनके साथियों ने हाथ-मुक्कों से हमला किया। शिकायत के बाद पुलिस ने डॉक्टर अनुराग चंद्राकर के खिलाफ भी अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, आरक्षक राकेश सिंह की शिकायत पर चेतन चंदेल और उनके साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191 और 221 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के बीच हुए विवाद में दोनों पक्षों की शिकायत मिली थी और पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया में थी। लेकिन संगठन के लोग पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का दबाव बना रहे थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *