शराब तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई: 15 किलोमीटर पीछा कर तस्कर दबोचा

शराब तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई: 15 किलोमीटर पीछा कर तस्कर दबोचा

बलौदाबाजार । बलौदा बाजार पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सुहेला थाना पुलिस ने एक तस्कर का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को ‘समाधान सेल’ के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम साराडीह में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव के पास घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने का आभास होते ही आरोपी ने अपनी मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार (CG04 DX 2444) तेज रफ्तार से भगानी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने हाईवे और संकरी सड़कों पर लगभग 15 किलोमीटर तक उसका पीछा किया।
बचने की कोशिश में आरोपी अपने गांव की एक बंद गली में घुस गया, जहां पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन रोक लिया और मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 50 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल मिरी (26) और कुशल ध्रुव (23) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम साराडीह के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि जिले में आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए ‘समाधान सेल’ शुरू किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से शराब, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना दी जा सकती है।
इसी सेल से मिली सूचना के आधार पर सुहेला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *